आबकारी विभाग में फिर गड़बड़ी! लाभांडी शराब दुकान का सुपरवाइजर 20 लाख रुपये की घटती के बाद फरार?

रायपुर। छत्तीसगढ़ का आबकारी विभाग एक बार फिर कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर चर्चा में है। राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित शराब दुकान से करीब 20 लाख रुपये की घटती का मामला सामने आया है। विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दुकान का सुपरवाइजर कथित तौर पर 20 लाख रुपये की राशि में कमी सामने आने के बाद फरार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि संबंधित शराब दुकान आबकारी अधिकारी आशीष सिंह के अधीन संचालित होती है। फिलहाल दुकान में हुई घटती की वास्तविक रकम का आकलन और हिसाब-किताब किया जा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी रकम की कमी कैसे सामने आई? क्या दुकान के दैनिक हिसाब-किताब और स्टॉक की नियमित निगरानी नहीं हो रही थी? और यदि सुपरवाइजर फरार है, तो विभाग ने अब तक क्या कार्रवाई की है?
गौरतलब है कि यही आबकारी विभाग दीपावली के दौरान शराब की रिकॉर्ड बिक्री को लेकर भी चर्चा में रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर से 9 नवंबर 2026 के बीच प्रदेश में करीब 54 करोड़ 60 लाख 76 हजार 510 रुपये की शराब की बिक्री हुई।
एक तरफ त्योहार के दौरान करोड़ों रुपये की शराब बिक्री के आंकड़े सामने आते हैं, तो दूसरी तरफ राजधानी की एक शराब दुकान में करीब 20 लाख रुपये की कथित घटती का मामला कई सवाल खड़े कर रहा है।
अब निगाहें आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर हैं। क्या इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी? क्या घटती की पूरी रकम का खुलासा होगा? और क्या जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी? इन सवालों के जवाब का इंतजार है।



