रायपुर के गुढ़ियारी में भव्य दही-हांडी महोत्सव, सीएम विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं, देखें Video…

रायपुर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में आयोजित विशाल दही-हांडी महोत्सव में इस बार विशेष रंग दिखाई दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में पहुंचकर श्रद्धा और उल्लास से भरे इस आयोजन के साक्षी बने।



मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर बंधी दही-हांडी को फोड़ा। “गोविंदा आला रे” के जयघोष और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवधर्मी हो उठा। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्साह की सराहना की।


आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष महोत्सव को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया था। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और समाजसेवी भी शामिल हुए।