रेल यात्रियों को झटका, 215 किमी से अधिक दूरी के किराए में बढ़ोतरी आज से लागू

नई दिल्ली। रेल मंत्रालय द्वारा यात्री किराए में की गई बढ़ोतरी शुक्रवार से लागू हो गई है। 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा के लिए साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर एक पैसा, जबकि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी वर्ग तथा सभी ट्रेनों के एसी वर्ग में प्रति किलोमीटर दो पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
रेल मंत्रालय ने इस संबंध में गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी थी। बढ़ा हुआ किराया 26 दिसंबर या उसके बाद की टिकट बुकिंग पर लागू होगा। 26 दिसंबर से पहले बुक किए गए टिकटों पर यह बढ़ोतरी लागू नहीं होगी, भले ही यात्रा की तिथि बाद की हो।
गौरतलब है कि मंत्रालय ने 21 दिसंबर को यात्री किराए में 26 दिसंबर से बढ़ोतरी की घोषणा की थी। यह इस साल दूसरी बार रेल किराए में इजाफा है। इससे पहले जुलाई महीने में भी यात्री किराए बढ़ाए गए थे।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय सेवाओं और सीजन टिकटों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों रूट शामिल हैं। साधारण नॉन-एसी गैर-उपनगरीय सेवाओं के लिए किराया सेकेंड क्लास साधारण, स्लीपर क्लास साधारण और फर्स्ट क्लास साधारण श्रेणियों में तय किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, गैर-उपनगरीय यात्राओं के लिए स्लीपर क्लास साधारण और फर्स्ट क्लास साधारण के किराए में एक समान एक पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे टिकट कीमतों में सीमित और क्रमिक वृद्धि होगी।
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-एसी और एसी श्रेणियों के किराए में प्रति किलोमीटर दो पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसमें स्लीपर क्लास, एसी चेयर कार, एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और एसी फर्स्ट क्लास शामिल हैं। बढ़ोतरी के बाद 500 किलोमीटर की यात्रा पर किराया 10 रुपये तक बढ़ जाएगा।
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, तेजस राजधानी, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, हमसफर, अमृत भारत, तेजस, महामना, गतिमान, अंत्योदय, गरीब रथ, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल और सामान्य गैर-उपनगरीय सेवाओं के मौजूदा मूल किराए को स्वीकृत श्रेणीवार मूल किराए के अनुरूप संशोधित किया गया है।



