रायगढ़ चक्रधर समारोह : शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध…

रायगढ़। शहर में जारी 40वें चक्रधर समारोह के दूसरे दिन देशभर के नामचीन कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। मंच पर शास्त्रीय गायन, भारतनाट्यम, कथक, ओडिसी और लोकगायन की ऐसी छटा बिखरी कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

ध्रुपद गायन से भावविभोर हुए श्रोता...
दिल्ली से आए प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित उदय कुमार मल्लिक ने दरभंगा घराने की ध्रुपद शैली का अनुपम गायन प्रस्तुत किया। उनकी गूंजती तान और मधुर आवाज ने श्रोताओं को रसविभोर कर दिया।
भरतनाट्यम और कथक की झलक...
भिलाई की नृत्यांगना एवं गुरु डॉ. राखी रॉय और उनकी टीम ने भरतनाट्यम की गरिमा और अभिव्यक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। भगवान शिव के नटराज स्वरूप, अर्धनारीश्वर और मां जननी पर आधारित उनकी रचनाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। बिलासपुर की कथक नृत्यांगना प्रियंका सलूजा की भाव-भंगिमाएं और लय-ताल की सटीकता ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया।

लोकसंगीत और ओडिसी नृत्य ने जमाया रंग...
लोकसंगीत की धारा को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय लोकगायक सुनील मानिकपुरी ने छत्तीसगढ़ी और झारखंडी लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं रायगढ़ की युवा नृत्यांगना राजनंदनी पटनायक और उनकी साथी पूनम गुप्ता ने ओडिसी नृत्य की भावपूर्ण और आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जयपुर और लखनऊ घराने की कथक प्रस्तुति...
रायगढ़ की कथक नृत्यांगना पूजा जैन और उनकी टीम ने जयपुर घराने के तोड़े-टुकड़े, लखनऊ घराने का तराना और ठुमरी प्रस्तुत कर पूरे सभागार को सुरमय बना दिया।
अविस्मरणीय अनुभव...
शास्त्रीय संगीत और नृत्य की इन विविध प्रस्तुतियों ने न केवल चक्रधर समारोह की गरिमा को और ऊंचाई दी, बल्कि दर्शकों को एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान किया।