राघव चड्ढा का अपनी ही पार्टी के नेताओं को जवाब: बोले- पंजाब मेरी आत्मा है, अभी कहानी बाकी है

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी में इन दिनों राघव चड्ढा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद पार्टी के भीतर बयानबाजी का दौर जारी है। इस बीच राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया है।
राघव चड्ढा ने लिखा कि उनके कुछ सहयोगी मजबूरी में यह कह रहे हैं कि उन्होंने संसद में पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक झलक है, कहानी अभी बाकी है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब उनके लिए केवल एक मुद्दा नहीं, बल्कि उनका घर, कर्तव्य, मिट्टी और आत्मा है। उन्होंने अपने बयान में साफ किया कि वे पंजाब से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें संसद में उनके भाषणों की झलक दिखाई गई है। वीडियो में उन्हें पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि संसद में मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाने के आरोप के बाद उन्हें राज्यसभा के उपनेता पद से हटाया गया था, जिसके बाद से पार्टी के भीतर यह मामला चर्चा में बना हुआ है।



