Protein Rich Breakfast: घर में बनाएं काले चने का क्रिस्पी सैंडविच, स्वाद के साथ मिलेगा भरपूर पोषण

लाइफस्टाइल डेस्क। आजकल हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर खाने की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। फिटनेस को लेकर जागरूक लोग ऐसे नाश्ते की तलाश में रहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को जरूरी पोषण भी दे। अगर आप भी सुबह के लिए एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो काले चने का क्रिस्पी सैंडविच आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
काले चने, पनीर और ताजी सब्जियों से तैयार यह सैंडविच प्रोटीन का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर में मौजूद सामग्री से ही इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है।
बच्चों और बड़ों दोनों को आएगा पसंद
अगर घर में उबले हुए काले चने बचे हुए हैं, तो कुछ ही मिनटों में यह हेल्दी स्नैक तैयार किया जा सकता है। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। साथ ही यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है।
जरूरी सामग्री
एक कप उबले हुए काले चने, एक छोटा बारीक कटा प्याज, एक छोटी बारीक कटी शिमला मिर्च, एक हरी मिर्च, आधा कप कद्दूकस किया हुआ पनीर, दो बड़े चम्मच हरा धनिया, स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, एक बड़ा चम्मच दही या मायोनीज, एक छोटा चम्मच नींबू का रस, हरी चटनी, चार ब्रेड स्लाइस और बटर या घी।
ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट सैंडविच
सबसे पहले उबले हुए काले चनों को एक बाउल में अच्छी तरह मैश कर लें। इसके बाद इसमें प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, पनीर और हरा धनिया डालें।
अब नमक, जीरा पाउडर, काली मिर्च, दही या मायोनीज और नींबू का रस मिलाकर मिश्रण तैयार करें। ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी लगाएं और तैयार फिलिंग को अच्छी तरह फैलाएं। दूसरी ब्रेड स्लाइस से कवर कर दें।
इसके बाद सैंडविच पर हल्का बटर या घी लगाकर तवे या सैंडविच मेकर में दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें।
स्वाद के साथ मिलेगा प्रोटीन
काले चने और पनीर का यह कॉम्बिनेशन शरीर को प्रोटीन देने में मदद करता है। वहीं सब्जियां इसमें फाइबर और अन्य जरूरी पोषक तत्व जोड़ती हैं। ऐसे में यह सैंडविच नाश्ते, शाम के स्नैक या बच्चों के टिफिन के लिए भी एक शानदार विकल्प बन सकता है।



