प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी…कांकेर में पंचायती राज महासम्मेलन में होंगी शामिल…!!

रायपुर\कांकेर: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रही हैं. कांकेर को गोविंदपुर में आयोजित नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन में प्रियंका गांधी शामिल होंगी. इस कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे. इस सम्मेलन में 866.16 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास प्रियंका गांधी और सीएम भूपेश बघेल करेंगे.
प्रियंका गांधी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम...
दोपहर 12 बजे प्रियंका गांधी रायपुर पहुंचेगी. यहां से वह कांकेर जाएगी. 12:35 बजे प्रियंका गांधी कांकेर के अलबेलापारा हैलीपेड पहुंचेगां. वहां से 12 बजकर 35 मिनट पर गोविंदपुर खेल मैदान जाएगी. 12: 35 बजे से 1 बजे तक महिला स्व सहायता समूहों के स्टाल्स का निरीक्षण करेंगी और हितग्राहियों से बात करेंगी. 1 बजे सभा स्थल के मंच पर पहुंचेंगी और विभिन्न विकासकार्यों का उद्घाटन और भूमिपूजन करेंगी. इस दौरान 12,730 लाभार्थियों को 578.31 करोड़ रुपये की सामग्री बांटेंगी. इसके बाद वह भव्य सभा को संबोधित करेंगी.
पिछले 15 दिनों में प्रियंका गांधी का ये दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है. इससे पहले 21 सितंबर को प्रियंका दुर्ग जिले में महिला सम्मेलन में शामिल हुई थी. उस दौरान भिलाई में प्रियंका ने छत्तीसगढ़ की जनता से जागरूक होने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि सभी आपके पास आकर वोट मांगेंगे लेकिन आप उनसे सवाल करिए और फिर वोट दीजिए. प्रियंका ने महिलाओं के साथ सुआ नृत्य भी किया और भंवरा भी चलाया.
कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. कार्यक्रम स्थल में व आसपास महिला पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं.