राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित — आदिवासी विकास अम्बिकापुर के डॉ. ललित शुक्ला बने उत्कृष्ट राज्य मास्टर ट्रेनर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण! भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव 2025 में अम्बिकापुर के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग डॉ. ललित शुक्ला को “उत्कृष्ट राज्य मास्टर ट्रेनर (आदि कर्मयोगी अभियान)” के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया।
डॉ. ललित शुक्ला को यह सम्मान धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे “आदि कर्मयोगी अभियान” में उनके उल्लेखनीय योगदान, प्रशिक्षण कौशल और जनजातीय नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए दिया गया है।
भारत सरकार द्वारा 10 जुलाई 2025 को शुरू किए गए इस “आदि कर्मयोगी अभियान” का उद्देश्य भारत के जनजातीय समाज के लिए सशक्त, सहभागी और उत्तरदायी शासन प्रणाली का निर्माण करना है। यह विश्व का सबसे बड़ा जनजातीय नेतृत्व आंदोलन बनता जा रहा है, जो कैडर आधारित मॉडल और अंतर-विभागीय अभिसरण (inter-departmental convergence) पर केंद्रित है।
इस अभियान के माध्यम से देश के सुदूर आदिवासी इलाकों तक शासन, योजनाओं और सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि हर जनजातीय नागरिक तक विकास की रोशनी पहुँच सके।
डॉ. शुक्ला की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के जनजातीय प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके समर्पण और नेतृत्व ने यह सिद्ध किया है कि जब प्रतिबद्धता और सेवा का भाव जुड़ता है, तो बदलाव की नई इबारतें लिखी जाती हैं।