मुंगेली में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, कलेक्टर ने खुद किया सेल्फ एन्यूमरेशन, लोगों से अपील

मुंगेली। जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर मुंगेली जिले में प्रक्रिया तेज हो गई है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वयं ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन कर नागरिकों को इस सुविधा के उपयोग के लिए प्रेरित किया है।
कलेक्टर ने बताया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों के लिए स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है, जिसके तहत लोग घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस डिजिटल प्रक्रिया से जनगणना को सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जाएगा। साथ ही नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी।
कलेक्टर ने बताया कि जनगणना के आंकड़े शासन की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों के लिए अहम होते हैं। ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वगणना की ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग दें।



