सब इंस्पेक्टर बनकर 42 लोगों से की धोखाधड़ी, महंगी कार और डंपर हड़पने वाला मास्टरमाइंड धराया

ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने किराये का झांसा देकर करोड़ों रुपये के वाहन हड़पने वाले शातिर आरोपी हिमाचल शर्मा को जयपुर से गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में रिमांड पर भेज दिया है।
कुछ समय पहले करीब 42 लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसएसपी धर्मवीर सिंह से धोखाधड़ी की शिकायत की थी। पटेल नगर सिटी सेंटर निवासी हिमाचल शर्मा पहले भी फर्जी सूबेदार बनकर लोगों को ठगते हुए पकड़ा जा चुका है और उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज था।
आरोपी पुलिस सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर टूर एंड ट्रेवल्स कारोबारियों को अपने झांसे में लेता था और महंगी कार, एसयूवी, ट्रैक्टर ट्राली, डंपर और ट्रक किराये पर लेने के नाम पर अपने कब्जे में ले लेता था। बाद में वह वाहनों से जीपीएस सिस्टम हटाकर किराया देना बंद कर देता था। वाहन मालिकों द्वारा गाड़ी वापस मांगने पर उसने देने से इनकार कर दिया और शहर से फरार हो गया।
शिकायतें बढ़ने पर आरोपी ने जयपुर में ठिकाना बना लिया था। पुलिस को जानकारी मिली है कि उसने फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति के साथ मिलकर करोड़ों रुपये के वाहनों का गबन किया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके साथी की तलाश जारी है।



