अरपा महोत्सव: मुख्यमंत्री साय ने गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले को दी 100 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अरपा महोत्सव और गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले को लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मुख्यमंत्री बस सेवा योजना में जिले को शामिल करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधे 300 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने बताया कि आज पूरे प्रदेश में एक साथ 6,414 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ है, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला है। उन्होंने इसे बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 करोड़ रुपये से अधिक के लोकार्पण और भूमिपूजन से क्षेत्र की प्रगति को गति मिलेगी। पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किलोमीटर सड़क और केवची मार्ग के निर्माण से आवागमन सुलभ होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही उन्होंने मरवाही में उच्च विश्राम गृह, जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम और समदलई पर्यटन स्थल में स्टॉप डैम निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक और सामग्री वितरित की गई, जबकि स्वामित्व योजना के तहत 435 किसानों को पट्टे प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने जिले की विकास यात्रा पर आधारित बुकलेट का विमोचन किया और पर्यटन पर केंद्रित वीडियो फिल्म का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



