प्रदीप सोनी हत्याकांड: परिवार को WhatsApp पर धमकी देने वाला युवक अंबिकापुर से गिरफ्तार

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। चर्चित सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड से जुड़े एक अहम मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के बाद मृतक के परिवार को व्हाट्सएप पर धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रियांशु सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कोटमी निवासी सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या के बाद उनके छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया था। मैसेज में आरोपी ने प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या करने की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। इतना ही नहीं, उसने मृतक के बेटे को लेकर भी आपत्तिजनक और धमकी भरी बातें लिखी थीं।
मैसेज में लिखा गया था, “आपको जो करना है कर लेना।” हालांकि कुछ समय बाद उसी नंबर से माफी मांगते हुए एक और संदेश भी भेजा गया था। इसके बावजूद परिवार में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की। इसके बाद साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी का प्रदीप सोनी हत्याकांड से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और हर पहलू की जांच की जा रही है।
आईजी ने बताया कि यह भी जांच का विषय है कि आरोपी ने यह मैसेज केवल लोगों को गुमराह करने और मानसिक दबाव बनाने के लिए भेजा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है। आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद ही कोई टिप्पणी की जा सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। प्रदीप सोनी हत्याकांड और धमकी भरे मैसेज के बीच किसी संभावित कनेक्शन को लेकर भी पड़ताल जारी है।



