शिव बारात में हत्या करने वाले आरोपी पर पुलिस का एक्शन, अवैध रूप से चल रहे होटल को किया जमींदोज

दुर्ग। महाशिवरात्रि के दूसरे दिन भगवान शंकर की बारात के दौरान युवक की हत्या करने वाले आरोपी के अवैध होटल पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। मामला भिलाई के मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे मोहन नगर थाना क्षेत्र में भगवान शंकर की बारात निकाली जा रही थी। इस धार्मिक आयोजन में क्षय कुमार गोड उर्फ नानू भी शामिल था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर आरोपी मनीष देशमुख और उसके छह साथियों ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। लगातार चाकू से वार किए जाने के कारण क्षय कुमार गोड गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मोहन नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी मनीष देशमुख ने शक्ति नगर चौक स्थित मानस भवन के पास शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर होटल का संचालन कर रखा था।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नगर निगम और जिला प्रशासन दुर्ग को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अवैध कब्जे को हटाकर स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक तत्वों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है।



