पश्चिम एशिया संकट पर बोले पीएम मोदी, पेट्रोल-डीजल बचाने और लोकल सामान अपनाने की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर दुनिया में बढ़ते संकट और उसके भारत पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता जताई है। गुजरात के वडोदरा में सरदारधाम छात्रावास के उद्घाटन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने और विदेशी सामान की बजाय लोकल प्रोडक्ट खरीदने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया पिछले कुछ वर्षों से लगातार अस्थिर दौर से गुजर रही है। पहले कोरोना महामारी आई, फिर वैश्विक आर्थिक संकट और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव पूरी दुनिया को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत भी इन परिस्थितियों से पूरी तरह अछूता नहीं है।
पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, लोग मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा उपयोग करें। कार पूलिंग को बढ़ावा दें ताकि ईंधन की बचत हो सके।
उन्होंने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी ने अब काम को आसान बना दिया है। ऐसे में सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इससे ट्रैफिक और ईंधन दोनों की बचत होगी।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को इस दशक के सबसे बड़े संकटों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अगर देश ने मिलकर कोरोना जैसी महामारी का सामना किया है, तो इस चुनौती से भी बाहर निकल सकता है। सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि आम लोगों पर इसका असर कम से कम पड़े।
पीएम मोदी ने सोने की खरीदारी को लेकर भी बड़ी अपील की। उन्होंने कहा कि देश का बड़ा पैसा सोने के आयात में विदेश चला जाता है। ऐसे में हालात सामान्य होने तक लोग सोना खरीदने से बचें।
उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ का फिर जिक्र करते हुए कहा कि विदेशी सामान की जगह देश में बने उत्पादों को अपनाना समय की जरूरत है। इससे स्थानीय कारोबार और उद्यमियों को मजबूती मिलेगी।



