सीएम हाउस में मेधावियों का जमावड़ा: मुख्यमंत्री साय ने छात्रों से साझा किए जीवन के संघर्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर स्थित अपने निवास पर कक्षा 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बेहद सहज अंदाज में बच्चों से उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान सीएम हाउस का माहौल उत्साह और आत्मीयता से भरा रहा।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को सफलता के मंत्र देते हुए कहा कि अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन को सही दिशा देती है। उन्होंने अपना संस्मरण साझा करते हुए बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद उन्होंने खेती-किसानी और परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए कड़ा संघर्ष किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
संवाद के दौरान बच्चों ने डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस बनने के अपने सपने साझा किए। मुख्यमंत्री ने बच्चों को योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी और बताया कि यदि वे राजनीति में न होते, तो एक उन्नत किसान बनकर कृषि क्षेत्र में नवाचार करते। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि इन मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने एक दिन पहले नवा रायपुर में आईपीएल मैच दिखाने की विशेष व्यवस्था भी की थी। सीएम हाउस पहुंचे बच्चों ने वहां परिसर में आम तोड़े और मुख्यमंत्री की सादगी देखकर वे बेहद प्रफुल्लित नजर आए।



