रायपुर में वीआईपी रोड पर यातायात होगा सुगम, फुंडहर चौक पर ओवरपास निर्माण के लिए 56 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर। राजधानी रायपुर के महत्वपूर्ण वीआईपी रोड पर यातायात के भारी दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। फुंडहर चौक पर ओवरपास निर्माण की परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग ने इस निर्माण कार्य के लिए 5607.35 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसके साथ ही अब परियोजना के लिए निविदाएं भी आमंत्रित कर ली गई हैं।
वीआईपी रोड स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और नवा रायपुर को जोड़ने वाला शहर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस मार्ग पर एयरपोर्ट, माना और नवा रायपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के निरंतर दबाव के कारण फुंडहर चौक पर अक्सर जाम की स्थिति निर्मित होती थी। प्रस्तावित ओवरपास के निर्माण से यातायात का प्रवाह सुव्यवस्थित और बाधारहित हो जाएगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने से फुंडहर, माना, टेमरी और धरमपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों की लगभग 3 लाख से अधिक की आबादी को सीधा लाभ पहुंचेगा। आधुनिक बुनियादी ढांचे के इस विस्तार से न केवल यात्रियों के समय की बचत होगी, बल्कि सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा। सरकार की इस पहल को राजधानी की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


