राज्योत्सव स्थल बनेगा छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और संस्कृति का दर्पण :- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी राज्य प्रवास से पहले आज नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा अवसर है, इसलिए “हर व्यवस्था उत्कृष्टता का प्रतीक” बने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आत्मगौरव और विकास यात्रा की झलक हर स्थल पर झलके।
सत्य साईं हॉस्पिटल से शुरू हुआ निरीक्षण...

मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले श्री सत्य साईं हॉस्पिटल पहुँचकर कार्यक्रम की रूपरेखा, सभागार व्यवस्था, मंच और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति में होने वाला यह कार्यक्रम राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र पहुँचे, जहाँ प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों पर बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभागार, मेडिटेशन रूम और बाहरी परिसर का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाएँ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल छत्तीसगढ़ की शांत, आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा का परिचायक बने।
शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय: जनजातीय अस्मिता का प्रतीक...

मुख्यमंत्री साय ने आगे शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जनजातीय समाज की वीरता, बलिदान और अस्मिता का अमर प्रतीक बनेगा।
साय ने प्रदर्शनी दीर्घाओं, मल्टीमीडिया गैलरी, स्मृति कक्ष और बाहरी परिसर की तैयारियों का जायज़ा लेते हुए निर्देश दिए कि हर अनुभाग आगंतुकों को छत्तीसगढ़ के गौरवशाली जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जोड़े।
राज्योत्सव स्थल पर तैयारियाँ जोरों पर...

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, पार्किंग, विभागीय डोम, प्रदर्शनी दीर्घा, वीआईपी गैलरी और आमजन के मार्गों की व्यवस्था देखी। साय ने कहा कि राज्योत्सव केवल आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, संस्कृति और आत्मविश्वास का उत्सव है। यह आयोजन उत्कृष्टता की नई मिसाल बने, यही हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों और सुरक्षा, स्वच्छता तथा जनसुविधा से जुड़ी हर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
समयबद्धता, सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री...

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, सचिव राहुल भगत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



