पीएम मोदी ने की खरगे, पवार और देवेगौड़ा के योगदान की सराहना, विदा हो रहे सांसदों को भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यसभा में विदा हो रहे सांसदों को संबोधित किया और उनके योगदान की सराहना की। अपने भाषण में उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे, एचडी देवेगौड़ा और शरद पवार का विशेष उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं ने संसदीय कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और अपने जीवन का बड़ा हिस्सा सार्वजनिक सेवा को समर्पित किया है। उन्होंने नए सदस्यों को इन नेताओं से सीखने की सलाह देते हुए कहा कि सदन में निष्ठा और सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संसद में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के दौरान सदस्यों को कई अनुभव मिलते हैं, जिनमें कुछ कड़वे और कुछ सुखद होते हैं। ऐसे अवसरों पर सभी दलों के सदस्य दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर एक साझा भावना के साथ अपने साथियों को विदाई देते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो सदस्य विदा हो रहे हैं, उनमें से कुछ भविष्य में फिर से लौटने की उम्मीद रखते हैं, जबकि कुछ अपने अनुभवों के साथ समाज और सार्वजनिक जीवन में योगदान जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी पूर्ण विराम नहीं होता और सार्वजनिक जीवन में सेवा का अवसर हमेशा बना रहता है।
इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग देश सेवा के जुनून के कारण न तो थकते हैं और न ही सेवानिवृत्त होते हैं। उन्होंने एचडी देवेगौड़ा के साथ अपने लंबे संबंधों का भी उल्लेख किया।



