Petrol Diesel Price: मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में राहत मिलने की संभावना है।
सरकार के फैसले के तहत पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दी गई है। यह कदम ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहे तनाव के कारण उत्पन्न ऊर्जा संकट को देखते हुए उठाया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद देश ने अगले 60 दिनों के लिए वैकल्पिक स्रोतों से पर्याप्त भंडार सुनिश्चित कर लिया है, जिससे आपूर्ति पर तत्काल असर नहीं पड़ेगा।
इससे पहले देश की प्रमुख रिफाइनरी कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी देखी गई है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट के दामों में गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर वैश्विक हालात सामान्य होते हैं तो घरेलू बाजार में भी ईंधन की कीमतों में और कमी आ सकती है।
गौरतलब है कि 28 फरवरी से शुरू हुए इस तनाव के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर वैश्विक बाजारों पर भी पड़ा है।



