पवन सिंह तलाक मामला: आरा कोर्ट में सुनवाई टली, बीमारी का हवाला देकर नहीं पहुंचे अभिनेता

आरा। भोजपुरी फिल्म जगत के अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक के मामले में बुधवार को आरा सिविल कोर्ट स्थित कुटुंब न्यायालय में सुनवाई हुई। इस दौरान ज्योति सिंह अदालत में मौजूद रहीं, लेकिन पवन सिंह अपनी बीमारी का हवाला देते हुए उपस्थित नहीं हुए। उनके वकील ने अदालत को सूचित किया कि पवन सिंह अस्वस्थ हैं और अस्पताल में भर्ती हैं, जिसके बाद न्यायालय ने सुनवाई के लिए 24 फरवरी की अगली तिथि निर्धारित की है।
सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह ने न्यायाधीश के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह तलाक के पक्ष में नहीं हैं और अपने पति के साथ रहना चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी। कोर्ट में काफी देर तक पवन सिंह का इंतजार करने के बाद जब उनके आने की संभावना खत्म हो गई, तो ज्योति सिंह भावुक होकर परिसर से बाहर निकल गईं।
अदालत पहुंचीं ज्योति सिंह पारंपरिक परिधान में नजर आईं। मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साधे रखी। अब सभी की निगाहें 24 फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह देखा जाएगा कि दोनों पक्ष अदालत में उपस्थित होते हैं या नहीं।
उल्लेखनीय है कि पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह के साथ दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी नीलम सिंह के निधन के बाद हुई इस शादी में कुछ समय बाद ही विवाद शुरू हो गया था, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया। फिलहाल दोनों के बीच के इस विवाद को सुलझाने या कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए न्यायालय निरंतर सुनवाई कर रहा है।



