Patna Crime: पटना में जेडीयू विधायक के करीबी कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देगा 2 मिनट का CCTV फुटेज; सीढ़ियों पर घात लगाकर बैठे थे शूटर

पटना। शहर के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने जेडीयू विधायक श्याम रजक के करीबी कारोबारी दिलीप कुमार (40) पर जानलेवा हमला कर दिया। घात लगाकर किए गए इस हमले में हमलावरों ने उन पर पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली पेट में लगी जबकि दूसरी हाथ को छूकर निकल गई। घायल कारोबारी का उपचार रुबान अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना का दो मिनट पांच सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में दो हेलमेटधारी बदमाश अपार्टमेंट की सीढ़ियों के पास छिपे दिख रहे हैं। रात करीब साढ़े नौ बजे दिलीप कुमार दफ्तर से लौटकर सीढ़ियां चढ़ने लगे, तभी एक बदमाश ने पीछे से आवाज लगाई। मुड़ते ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली पेट में लगने के बाद दिलीप ऊपर की ओर भागे, लेकिन बदमाश पीछा करते हुए गोलियां बरसाते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक श्याम रजक अस्पताल पहुंचे और घायल कारोबारी का हालचाल जाना। दिलीप कुमार एमपी इंजिकॉन कंपनी के संचालक हैं और एसपी सिंगला जैसी बड़ी निर्माण कंपनियों को निर्माण सामग्री की आपूर्ति करते हैं। उनके पार्टनर रवि कुमार ने बताया कि वे रोज की तरह काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी हमला हुआ।
पुलिस हमले के पीछे कारोबारी रंजिश और लेनदेन को मुख्य कारण मान रही है। सूत्रों के अनुसार कुछ बिल्डरों के साथ दिलीप कुमार का भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। शास्त्रीनगर थाना पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



