पंडरिया सीएमओ निलंबित: शासन के निर्देशों की अनदेखी और वित्तीय कार्यों में लापरवाही पर हुई कार्रवाई

मुंगेली। नगरीय निकायों में व्यवस्था सुधारने और वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की देखरेख में निकायों में सुधार और राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार का निर्देश है कि आम जनता को दी जा रही राहत और छूट के अलावा अन्य सभी करों की वसूली और कर निर्धारण गंभीरता से किया जाए।
इसके बावजूद कुछ अधिकारियों द्वारा निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुंगेली जिले की पंडरिया नगरपालिका परिषद का है। नगरीय प्रशासन विभाग ने यहां पदस्थ मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार लगातार निर्देश मिलने के बाद भी संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्र में संपत्तियों का नया कर निर्धारण नहीं कर पा रहे थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने निलंबन की कार्रवाई की है। सरकार की इस कार्रवाई के बाद अन्य नगरीय निकायों के अधिकारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।



