पामगढ़ गोलीकांड: रिटायर्ड आर्मी हवलदार ने युवक पर किया फायर, इलाके में हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। विकास नगर में हुए विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास ने बाहर आकर उसे मना किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के बीच हिमांशु श्रीवास का भाई, रिटायर्ड आर्मी हवलदार गुलशन श्रीवास घर से पिस्टल लेकर आया और शैलेंद्र साहू के साथी पंकज कश्यप पर गोली चला दी। घटना के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए, जबकि पंकज कश्यप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।



