सपनों को मिली उड़ान: पामगढ़ की सालू डहरिया चीन में दिखाएंगी दमखम, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की आर्थिक मदद…

जांजगीर-चांपा की बेटी सालू डहरिया अब अपने सपनों को पंख देने के लिए तैयार हैं। पामगढ़ की उभरती सॉफ्टबॉल खिलाड़ी सालू का चयन चीन के सियान शहर में 14 से 20 जुलाई 2025 तक होने वाली अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम के लिए हुआ है।
लेकिन इस गौरवशाली मौके तक पहुंचने में आर्थिक तंगी बड़ी बाधा बन रही थी। ऐसे वक्त में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आगे बढ़कर 1.70 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देकर न सिर्फ सालू की राह आसान की, बल्कि उसके हौसले को भी नई उड़ान दी।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल कर बढ़ाया उत्साह...
मुख्यमंत्री साय ने जांजगीर-चांपा कलेक्टर के माध्यम से सालू डहरिया से वीडियो कॉल पर संवाद किया।
उन्होंने कहा: “सालू जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय हैं।
चीन में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना ही अब तुम्हारा लक्ष्य होना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने सालू को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
12 नेशनल गेम्स में दम दिखा चुकी हैं सालू
- सालू डहरिया अब तक 12 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।
- अंतरराष्ट्रीय चयन न सिर्फ उनके करियर की उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी गर्व का क्षण है।
विधायक बोले – “पामगढ़ की बेटी अब दुनिया देखेगी”
पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश ने कहा “सालू अब सिर्फ पामगढ़ की नहीं, पूरे देश की बेटी बन चुकी है।
चीन में वह अपने प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का परचम लहराएगी।”