बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की बड़ी कार्रवाई, संघर्ष में 200 लोगों की मौत

क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पिछले 40 घंटों से जारी भारी हिंसा और जवाबी कार्रवाई में अब तक 200 लोगों की जान जा चुकी है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूच विद्रोहियों के हमलों के बाद बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने क्वेटा में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आंकड़ों की पुष्टि की है। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, मारे गए 200 लोगों में बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के 145 लड़ाके, 17 सुरक्षाकर्मी और 31 आम नागरिक शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को चलाए गए विशेष छापेमारी अभियानों में अकेले शनिवार को ही 100 से अधिक लोग मारे गए। इसे पाकिस्तान में आतंकवाद विरोधी अभियान के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब बलूच विद्रोहियों ने क्वेटा, ग्वादर, मस्टुंग और नोश्की जैसे कई जिलों में एक साथ सिलसिलेवार हमले किए थे। इन हमलों की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली थी। इसके तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना, पुलिस और आतंकवाद-रोधी इकाइयों ने पूरे प्रांत में मोर्चा संभाल लिया और जवाबी हमला शुरू किया।
फिलहाल बलूचिस्तान के प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल तैनात हैं और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। हिंसा के चलते स्थानीय जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ग्वादर पोर्ट सहित कई प्रमुख मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।



