छत्तीसगढ़ में 4 और 5 फरवरी को फिर होगी धान खरीदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उन किसानों के लिए राहत भरी खबर है जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में अपना धान नहीं बेच पाए थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि प्रदेश में आगामी 4 और 5 फरवरी को दोबारा धान खरीदी की जाएगी। यह निर्णय उन किसानों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जिनका टोकन कटने के बावजूद धान नहीं बिक सका था या जिनका पंजीयन नहीं हो पाया था।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि सरकार सभी पात्र किसानों का धान खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों तक चलने वाली इस विशेष खरीदी प्रक्रिया में केवल उन्हीं किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी जो पहले वंचित रह गए थे। शासन के इस निर्णय से उन हजारों किसानों को लाभ मिलेगा जो तकनीकी कारणों या समय की कमी के चलते केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए थे।
विपणन वर्ष 2025-26 के तहत अब तक राज्य में 15 नवंबर से 31 जनवरी के बीच 25 लाख 11 हजार से अधिक किसानों से लगभग 140 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। इसके बदले किसानों को 33 हजार 149 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। राज्य में इस वर्ष कुल 27 लाख 43 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनके लिए 2,740 उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्था की गई है।
वहीं, पूर्व मंत्री कवासी लखमा को मिली जमानत के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें केवल जमानत मिली है, अंतिम निर्णय आना अभी बाकी है। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भी जिक्र किया, जिसमें देशभर की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए खेल के सफल आयोजन की कामना की।



