राजनांदगांव में समर्थन मूल्य धान खरीदी अंतिम चरण में, किसानों के पास बचे गिनती के दिन

राजनांदगांव। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के लिए अब केवल नौ दिन शेष हैं। शनिवार और रविवार को खरीदी बंद रहती है, वहीं गणतंत्र दिवस के साथ उसके बाद के दो दिन भी अवकाश रहने के कारण लगातार तीन दिन खरीदी नहीं होगी। ऐसे में किसानों के पास अपनी उपज बेचने के लिए सीमित समय बचा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष जिले में 1 लाख 25 हजार 611 किसानों से 70 लाख 14 हजार 910 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। इस वर्ष अब तक करीब 1 लाख 3 हजार 607 किसानों से लगभग 52 लाख क्विंटल धान खरीदा गया है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18 लाख क्विंटल कम है। जिले में इस बार सवा लाख से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था, लेकिन अब भी 20 हजार से अधिक किसान अपनी उपज नहीं बेच सके हैं। ऐसे में शेष किसानों से समय पर धान खरीदी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
धान खरीदी समाप्त होने के बाद उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। प्रशासन द्वारा राइस मिलरों के माध्यम से होने वाली अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, खरीदी पूर्ण होते ही तेजी से डिलीवरी ऑर्डर जारी किए जाएंगे, जिससे धान उठाव में तेजी आएगी।
जिले में खरीफ सीजन के लिए किसानों को 443 करोड़ 47 लाख 57 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया था। इसमें से अब तक 357 करोड़ 20 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि धान बिक्री के दौरान ही किसानों से ऋण की वसूली की जाती है, जिसके बाद उन्हें नया ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस तरह जिले में अब तक 50 प्रतिशत से अधिक ऋण राशि की वसूली हो चुकी है।



