पूर्व पार्षद हत्याकांड से आक्रोश: 20 से अधिक बार चाकू से किया वार, पुलिस हिरासत में 7 संदिग्ध

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह बदमाशों ने पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की सरेराह हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले गोली मारी और फिर चाकू से कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार राजकुमार चौहान सुबह करीब 5 बजे रोजाना की तरह टहलने निकले थे। घर से करीब 500 मीटर दूर पहुंचते ही लगभग छह हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। खुद को बचाने के लिए वे करीब 100 मीटर तक दौड़े, लेकिन हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले फायरिंग की, इसके बाद चाकू से सीने और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला किया। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर 20 से अधिक वार किए गए। हमलावर तब तक मौके पर रहे जब तक उनकी मौत नहीं हो गई और इसके बाद फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए परिजन और स्थानीय लोग बरगदवा चौराहे पर एकत्र हो गए और गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और यातायात बहाल कराया।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

