कर्रेगुट्टा ऑपरेशन के वीर जवानों को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे सम्मानित…

Operation Karregutta: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इस साल अप्रैल-मई के दौरान चला ऐतिहासिक कर्रेगुट्टा ऑपरेशन अब एक नई पहचान बनाने जा रहा है। ‘लाल आतंक’ के खिलाफ इस 21 दिन लंबे अभियान में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाने वाले सुरक्षाबलों के जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सम्मानित करेंगे।
दिल्ली में होगा सम्मान समारोह...
दिल्ली स्थित गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में कर्रेगुट्टा ऑपरेशन में शामिल सभी जवानों को सम्मानित किया जाएगा। इस सूची में मुठभेड़ के दौरान घायल हुए जवान भी शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
21 दिन का ऐतिहासिक अभियान...
बीजापुर की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर अप्रैल-मई 2025 में चला यह अभियान अब तक का सबसे बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन माना जा रहा है। लगभग 60 किलोमीटर लंबे दुर्गम इलाके में 20 हजार जवानों ने लगातार 21 दिनों तक मोर्चा संभाला। नतीजा यह रहा कि सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया, जिनमें 16 महिला और 15 पुरुष नक्सली शामिल थे। मारे गए नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 72 लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।
बरामद हुआ हथियारों का जखीरा...
जवानों ने इस अभियान में नक्सलियों के कब्जे से इंसास राइफल, बीजीएल, मेगा स्नाइपर और एसएलआर जैसे आधुनिक हथियार बरामद किए। इसके साथ ही 450 से अधिक आईईडी भी नष्ट की गईं। इस दौरान भीषण गर्मी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवान लगातार डटे रहे। कई जवान डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से जूझे, जिन्हें हेलीकॉप्टर से राशन और मेडिकल सप्लाई पहुंचाकर सहयोग दिया गया।
पुलिस ने बनाई डॉक्यूमेंट्री...
इस ऑपरेशन की ऐतिहासिकता को दर्शाने के लिए पुलिस ने एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी जारी की है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे जवानों ने पहाड़ी की दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद कर्रेगुट्टा को फतह किया और नक्सलियों को मात दी।



