ऑपरेशन गैंग बस्ट: दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 854 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने गैंग्स से जुड़े अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट’ के तहत गैंगस्टर्स और संगठित अपराध से जुड़े तत्वों पर शिकंजा कसा है। यह इस वर्ष गैंगस्टर्स के खिलाफ चलाया गया पहला बड़ा अभियान था।
यह अभियान शुक्रवार रात आठ बजे से रविवार रात आठ बजे तक चला। ऑपरेशन में बाहरी जिला, रोहिणी और द्वारका जिले की पुलिस टीमों के साथ क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल के करीब नौ हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 4299 ठिकानों पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने कुल 854 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कपिल सांगवान, हाशिम बाबा और गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े 280 गैंगस्टर्स शामिल हैं।
अभियान के दौरान 6494 लोगों को हिरासत में लिया गया और 690 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में 300 हथियार, 25 लाख रुपये नकद, 117 मोबाइल फोन, 28 हजार लीटर अवैध शराब और 118 किलो नारकोटिक्स बरामद किए गए।
इसी क्रम में दिल्ली के बाहरी जिला पुलिस द्वारा संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ भी चलाया गया। दो दिन तक चले इस अभियान में पुलिस ने 143 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ 97 आपराधिक मामले दर्ज किए।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 13 हजार से अधिक शराब के क्वार्टर, चार पिस्टल, तीन कारतूस, 14 चाकू, 1.39 लाख रुपये नकद, 12 किलो से अधिक गांजा, 21.18 ग्राम स्मैक और 39 ब्यूप्रेनोरफिन टैबलेट बरामद की गई हैं।



