राजनांदगांव में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। आईपीएल क्रिकेट मैच पर अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले गिरोह के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में सायबर सेल और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास स्थित एक फार्महाउस में दबिश देकर हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बजरंग नगर स्थित फार्महाउस में सांई ऐप के माध्यम से क्रिकेट सट्टे का संचालन किया जा रहा है। जांच में पाया गया कि आरोपी मोबाइल और लैपटॉप के जरिए हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त किए गए सट्टा-पट्टी के रिकॉर्ड में लगभग 9 लाख 20 हजार रुपये के लेनदेन का हिसाब मिला है।
गिरफ्तार आरोपियों में वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन शामिल हैं। मामले के दो अन्य आरोपी मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान वर्तमान में फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), धारा 112 (संगठित अपराध) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में सायबर सेल एवं थाना बसंतपुर की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में सट्टे और जुए के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।




