विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी शुभकामनाएं, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से एक स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह दिवस न केवल स्वास्थ्य से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने का अवसर है, बल्कि अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का भी एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने को अनिवार्य बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यदि हम अपनी दैनिक दिनचर्या में छोटे-छोटे सुधार करें, तो इसके दूरगामी और सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि सबकी सक्रिय भागीदारी से ही एक स्वस्थ, सक्षम और समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण सुनिश्चित हो सकेगा।



