हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट, रायपुर में वकील के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब इलाके में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पोस्ट वायरल होने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि राजातालाब निवासी एक अधिवक्ता ने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की शुभकामनाओं के साथ हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की। पोस्ट वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हिंदू संगठन के कार्यकर्ता तुलेश यादव ने 14 मार्च को सोशल मीडिया पर यह पोस्ट देखी और इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



