बॉक्स ऑफिस पर ‘ओ रोमियो’ का धमाका: वैलेंटाइन डे पर फिल्म की कमाई में 44% का उछाल, दो दिनों में बटोरे 20 करोड़

मुंबई। शाहिद कपूर और विशाल भारद्वाज की जोड़ी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौटी है। दोनों की नई फिल्म ‘ओ रोमियो’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में पहली बार शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी नजर आ रही हैं, जिसकी जोड़ी को दर्शक पसंद कर रहे हैं।
रिलीज के बाद फिल्म को वैलेंटाइन वीकेंड का अच्छा लाभ मिला है। ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने पहले दिन लगभग 8 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन यानी वैलेंटाइन डे पर कमाई में करीब 44 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज हुई और लगभग 12 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। इस तरह फिल्म का दो दिनों का कुल कारोबार करीब 20 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
फिल्म में शाहिद कपूर हुसैन उस्तरा और तृप्ति डिमरी आफ्शा के किरदार में हैं। इनके अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि सकारात्मक प्रतिक्रिया और छुट्टी के माहौल को देखते हुए फिल्म सप्ताहांत में और बेहतर कमाई कर सकती है।



