छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग पर एनएसयूआई का प्रदर्शन, तीन विश्वविद्यालयों का घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव फिर से शुरू करने की मांग को लेकर एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोमवार को सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय का घेराव कर चुनाव बहाल करने की मांग उठाई।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रदर्शन सबसे अधिक उग्र रहा, जहां बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए और जोरदार नारेबाजी की। एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग प्रदेश में पिछले कई वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनाव को पुनः शुरू करना है।
उन्होंने कहा कि छात्रहितों की आवाज को मजबूती देने के लिए छात्रसंघ चुनाव आवश्यक है। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है।



