अब चुगलीबाजों की खैर नहीं: आपसी विवाद रोकने के लिए मेढ़की गांव ने बनाया कड़ा नियम, देना होगा भारी दंड

बालोद। बालोद जिले के ग्राम मेढ़की में ग्रामीणों ने गांव का माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़ा फैसला लिया है। सामूहिक बैठक में तय किया गया है कि चुगली कर लोगों को भड़काने वालों पर 5001 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कोई भी व्यक्ति यदि सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से किसी की बात इधर-उधर कर आपसी विवाद पैदा करता पाया गया तो उससे आर्थिक दंड वसूला जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक और धार्मिक भोज में शराब पीकर पहुंचने वाले लोगों पर भी 5001 रुपये का जुर्माना लगाने का नियम बनाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ रहे थे और कुछ लोग नशे की हालत में दूसरों के खिलाफ टिप्पणी कर झगड़े करवा देते थे, जिससे गांव का सौहार्द बिगड़ रहा था। लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए गांववासियों ने सामूहिक सहमति से यह निर्णय लिया है, ताकि आपसी भाईचारा बनाए रखा जा सके।



