जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी, 22 मार्च को नामांकन

पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 22 मार्च को किया जाएगा। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 मार्च तय की गई है।
पार्टी संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस पद के लिए एक से अधिक नामांकन दाखिल होते हैं, तो 27 मार्च को चुनाव कराया जाएगा। हालांकि, पार्टी के भीतर ऐसी संभावना कम मानी जा रही है।
जदयू नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर आमतौर पर सर्वसम्मति से फैसला होता है। ऐसे में इस बार भी निर्विरोध निर्वाचन की संभावना जताई जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस पद के लिए एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। चर्चा है कि उन्हें फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जा सकता है।



