बोर्ड परीक्षा की तैयारी में लापरवाही पर 9 स्कूलों को नोटिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में आगामी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और शिक्षकीय दायित्वों में लापरवाही पाए जाने पर जिले के 9 स्कूलों के शिक्षकों और प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने पेंड्रा और मरवाही विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुड़कई, निमधा, अनडी, मडवाही सहित अन्य विद्यालयों में विषयवार शिक्षण, छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता की जांच की गई। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर संबंधित शिक्षकों और प्राचार्यों को नोटिस जारी किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले का पिछले वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा था, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए बेहतर परिणाम के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और प्रभावी तैयारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शिक्षा विभाग द्वारा लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर कक्षाओं में अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता की समीक्षा की जा रही है।



