रमजान में मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटा पहले छुट्टी का आदेश नहीं, सरकार ने खबरें बताईं भ्रामक

रायपुर। राज्य सरकार ने रमजान के दौरान शासकीय मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटा पहले कार्यालय छोड़ने संबंधी खबरों को निराधार बताया है। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में कोई आदेश या निर्देश जारी नहीं किया गया है।
संयुक्त सचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि मीडिया और सोशल मीडिया में इस प्रकार की खबरें प्रसारित हो रही हैं, जबकि विभाग की ओर से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसलिए प्रसारित समाचार आधारहीन और भ्रामक हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज ने पहले बयान जारी कर रमजान में मुस्लिम कर्मचारियों को समय से एक घंटा पहले छुट्टी दिए जाने की बात कही थी और इसकी सराहना की थी।
उन्होंने कहा था कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सभी जाति, धर्म और समाज की आस्था का सम्मान किया जा रहा है तथा यह कदम सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है।



