खाड़ी देशों के हालात का असर नहीं, बिलासपुर में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता: कलेक्टर

बिलासपुर। खाड़ी देशों की स्थिति के मद्देनजर देश के कई हिस्सों में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर बढ़ी चिंता के बीच बिलासपुर जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सप्लाई सुचारू रूप से जारी है।
कलेक्टर ने बताया कि हाल के दिनों में ईंधन की मांग बढ़ी अवश्य है, लेकिन इसका कारण वास्तविक कमी नहीं बल्कि लोगों द्वारा आवश्यकता से अधिक भंडारण करना है। जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार, 38 गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी के 9,489 सिलेंडर तथा व्यावसायिक गैस (19.2 किग्रा) के 247 सिलेंडर उपलब्ध हैं। वहीं, 171 पेट्रोल पंपों पर 1,209 किलोलीटर पेट्रोल और 1,429 किलोलीटर डीजल का स्टॉक है। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि यह स्टॉक वर्तमान जरूरतों के अनुसार पर्याप्त है और आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
अफवाहों से बढ़ रही भीड़, प्रशासन सतर्क
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि कुछ स्थानों पर ईंधन की अचानक बढ़ी मांग का कारण अफवाहें हैं। लोग आवश्यकता से अधिक पेट्रोल-डीजल और गैस खरीदकर भंडारण कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की घबराहट से कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जबकि वास्तविकता में सप्लाई पूर्णतः सामान्य है।
संयम और जिम्मेदारी की आवश्यकता
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें, अनावश्यक भंडारण से बचें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। पेट्रोल-डीजल और गैस का उपयोग सोच-समझकर करने तथा जहां संभव हो, वैकल्पिक साधनों के उपयोग पर भी जोर दिया गया है, ताकि संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।




