नए आशियाने में नीलगाय व सांभर करेंगे आराम

बिलासपुर – नाइट शेल्टर निर्माण करने 30 लाख की स्वीकृति, गेटमनी से होगा खर्च कानन पेंडारी जू के सांभर व नीलगाय में रात में सुरक्षित आशियाने के अंदर आराम कर सकेंगे। जू प्रबंधन इनके लिए नाइट शेल्टर बनाएगा। जू के गेटमनी से 30 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। निर्माण कार्य बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।
रात्रि विश्रााम के लिए बनाए जा रहे यह केज केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के मापदंडों के अनुसार होगा। किसी भी जू में वन्य प्राणियों के लिए दो तरह से केज बनाने का प्रविधान है। पहले वह, जहां वन्य प्राणी खुले में घूमते हैं। इसके कारण ही पर्यटकों को आसानी से नजर आते हैं। दिनभर खुले केज में रहने के बाद वन्य प्राणियों को आराम के लिए बंद केज की आवश्यकता होती है। इसे ही नाइट शेल्टर कहा जाता है।
यहां पूरी तरह सुरक्षित होता है। यहां लाइट की व्यवस्था भी होती है। अंदर फर्श सूखा भी रहता है, ताकि कीचड़ या गीले की वजह से उन्हें आराम करने में दिक्कत न हो। यह व्यवस्था वैसे तो बाघ, तेंदुआ, भालू से लेकर अन्य सभी वन्य प्राणियों के लिए है। लेकिन, सांभर व नीलगाय के लिए केवल खुला केज है। नाइट शेल्टर नहीं था। जू प्रबंधन इस कमी को महसूस भी कर रहा था।
इसी के तहत दोनों वन्य प्राणियों केज में नाइट शेल्टर बनाने की योजना बनाई गई। इसके साथ ही बजट के लिए गेटमनी से प्रस्ताव भेजा गया। गेटमनी मतलब जू का राजस्व है। प्रतिदिन पर्यटकों से जो राशि मिलती है, उसे जू प्रबंधन खाते में जमा कर देता है। इसको खर्च करने का अधिकार उनके पास नहीं है। खर्च की अनुमति गेटमनी के लिए अलग से बनी समिति देती है।
समिति के सदस्यों की बीच- बीच में एक बैठक होती है। इसमें जू से प्रस्ताव आते हैं, उस पर चर्चा होती और गेटमनी से बजट स्वीकृत किए जाते हैं। पिछले दिनों समिति की बैठक हुई थी, जिसमें नाइट शेल्टर निर्माण के लिए 30 लाख रूपये स्वीकृत किए गए। अब जू प्रबंधन गेटमनी से इतनी राशि निकालकर खर्च कर सकता है। यह जरूर है कि नाइट शेल्टर केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के मापदंडों के अनुसार होगा।
कानन में 17 सांभर और 23 नीलगाय
कानन पेंडारी जू सांभर की संख्या 17 और नीलगाय 23 हैं। एक तरह कहा जाए तो संख्या सरप्लस है। पूर्व में नीलगाय की शिफ्टिंग हुई है। वन्य प्राणियों की संख्या के मुताबिक ही नाइट शेल्टर का निर्माण किया जाएगा। कुछ और भी वन्य प्राणी है, जिनके लिए इस केज की आवश्यकता है। आने वाले दिनों में उनके लिए भी नाइट शेल्टर निर्माण करने गेटमनी से बजट की मांग जू प्रबंधन करेगा।