NHAI ने छत्तीसगढ़ में रचा नया कीर्तिमान: राष्ट्रीय राजमार्गों पर 2.71 लाख से अधिक पौधे लगाए

रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) जहां एक ओर देशभर में सड़कों का जाल बिछा रहा है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय राजमार्गों को “ग्रीन कॉरिडोर” में बदलने की दिशा में भी बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में इस साल 2 लाख 71 हजार 253 पौधे राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारों और डिवाइडर्स पर लगाए गए।
हरियाली के साथ विकास का संकल्प...
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह अभियान छत्तीसगढ़ में हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की नई दिशा दे रहा है।
उन्होंने कहा –
राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2.71 लाख से अधिक पौधे लगना इस बात का प्रमाण है कि सड़क निर्माण केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और हरित जीवन का संकल्प है।

पौधरोपण का क्षेत्रवार विवरण...
- रायपुर–विशाखापट्टनम (NH-130CD): 97,145 पौधे
- महाराष्ट्र सीमा–दुर्ग–रायपुर–ओडिशा सीमा (NH-53): 46,141 पौधे
- चांपा–कोरबा–कटघोरा (NH-149B): 23,020 पौधे
- बिलासपुर–कटघोरा (NH-130): 16,847 पौधे
- बिलासपुर–उरगा–पत्थलगांव (NH-130A): 14,400 पौधे
- सिमगा–रायपुर–धमतरी (NH-30): 5,406 पौधे
सिर्फ नए पौधे ही नहीं, बल्कि 68,297 स्थानों पर रिप्लांटेशन भी किया गया, जिससे क्षतिग्रस्त पौधों को बदला जा सके।
फलदार और छायादार वृक्षों से बनेगा “ग्रीन कॉरिडोर”
राजमार्गों के डिवाइडर्स पर मीडियन प्लांटेशन और किनारों पर एवेन्यू प्लांटेशन किया गया है। इनमें बड़ी संख्या में फलदार और छायादार वृक्ष शामिल हैं, जो यात्रियों को हरियाली की छांव देंगे।
NHAI की प्रतिबद्धता...
रायपुर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा –
एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ सिर्फ एक वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक निवेश है। हमारा लक्ष्य सिर्फ सड़कें बनाना नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुंदर पर्यावरण का निर्माण करना भी है।