वर्दी में रील का नया विवाद: बिलासपुर पुलिस के जवान ने अधिकारियों को दी चुनौती, कमेंट में लिखा- ‘आई एम वेटिंग ब्रो’

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिसकर्मियों के बीच सोशल मीडिया रील बनाने का क्रेज थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी हाल ही में एक आरक्षक पर कार्रवाई की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब एक दूसरे जवान का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि इस जवान ने कार्रवाई के डर के बजाय विभाग के बड़े अधिकारियों को खुलेआम चुनौती दे डाली है।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पुलिस आरक्षक का अपनी पत्नी के साथ रील वीडियो ट्रेंड कर रहा है। वीडियो में जवान पुलिस की वर्दी पहने हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो पर जब एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि “अब आपकी बारी है” (कार्रवाई के संदर्भ में), तो जवान ने पीछे हटने के बजाय उसे टैग करते हुए रिप्लाई दिया— “आई एम वेटिंग ब्रो” (मैं इंतजार कर रहा हूं भाई)। इंस्टाग्राम पर इस जवान के एक-दो नहीं बल्कि आधे दर्जन से ज्यादा वीडियो वायरल हो रहे हैं।
पुराना विवाद और कार्रवाई
बता दें कि अभी कुछ ही दिन पहले मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो सामने आया था। उस वीडियो में आरक्षक अपनी पत्नी के साथ ‘हाय रानी, हेलो रानी’ गाने पर रील बना रहा था। वर्दी की गरिमा के उल्लंघन का मामला मानते हुए एसएसपी ने उसे तुरंत लाइन अटैच (निलंबित) कर दिया था। अब नए वीडियो के सामने आने और उस पर जवान की बेबाक टिप्पणी ने पुलिस महकमे में हलचल तेज कर दी है।
कार्रवाई के बाद पत्नी के आंसू
सोशल मीडिया पर जहां एक तरफ रील बनाने की होड़ मची है, वहीं दूसरी तरफ पुराने मामले में हुई कार्रवाई का असर भी दिख रहा है। मस्तूरी वाले मामले में सस्पेंड हुए जवान का एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी पत्नी रोते हुए नजर आ रही है। लोग इस वीडियो पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे विभाग का सही सबक बता रहे हैं, तो कुछ परिवार की स्थिति देखकर संवेदना जता रहे हैं।
अनुशासन पर उठते सवाल
पुलिस विभाग में अनुशासन को सर्वोपरि माना जाता है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर फिल्मी गानों पर वीडियो बनाना और फिर कार्रवाई की बात पर अधिकारियों को चुनौती देना, गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। बिलासपुर पुलिस अब इस नए मामले की जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस पर भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा।



