महतारी वंदन योजना बनी बुजुर्ग महिलाओं के लिए सहारा, सूरज बाई की जिंदगी में आई रोशनी

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना प्रदेश की वृद्ध और जरूरतमंद महिलाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की बुजुर्ग महिलाएं इस योजना से आत्मनिर्भर बन रही हैं। कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के ग्राम धनरास निवासी 75 वर्षीय सूरज बाई इसका जीवंत उदाहरण हैं।
सूरज बाई बताती हैं कि बढ़ती उम्र के साथ काम करना मुश्किल हो गया था। पहले उन्हें दवाइयों और जरूरी सामान के लिए दूसरों से उधार लेना पड़ता था, लेकिन अब राज्य सरकार से हर महीने ₹1000 की मदद सीधे उनके खाते में आ रही है। इस राशि से वह दवाइयों, फल-सब्जी और अन्य आवश्यक खर्चों को आसानी से पूरा कर पा रही हैं।
उनके बेटे शहर में नौकरी करते हैं, फिर भी रोजमर्रा की छोटी जरूरतों के लिए उन्हें पहले लोगों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब महतारी वंदन योजना ने उन्हें स्वाभिमान से जीने का अवसर दिया है। सूरज बाई ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना उनके जैसे हजारों बुजुर्गों के लिए संजीवनी बन गई है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कहा है कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद महिला को आर्थिक सहायता और सम्मानपूर्ण जीवन मिले। महतारी वंदन योजना उसी लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो अब प्रभावशाली ढंग से गांव-गांव तक पहुंच रही है।