नई दिल्ली: केंद्रीय बजट 2026-27 की पूर्व बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शामिल, राज्यों की प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में केंद्रीय बजट 2026-27 से पूर्व राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी शामिल हुए।
बैठक में आगामी केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर राज्यों की आर्थिक प्राथमिकताओं, विकास संबंधी आवश्यकताओं तथा वित्तीय चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के हितों, राज्य की प्रमुख विकास योजनाओं तथा बजटीय अपेक्षाओं को मजबूती से प्रस्तुत किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा एक समावेशी, विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी बजट तैयार करना रहा। बैठक में वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामले विभाग के सचिव, केंद्र सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार तथा आर्थिक मामलों के विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस पूर्व-बजट बैठक में सालाना बजट पेश करने से पहले प्रमुख वित्तीय प्राथमिकताओं, आर्थिक चुनौतियों तथा संभावित नीतिगत उपायों पर राज्यों से इनपुट और सुझाव एकत्र करने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।



