नेवई पुलिस की कार्रवाई: ईसाई धर्म अपनाने के लिए मां को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी बेटा सलाखों के पीछे

भिलाईनगर। नेवई थाना पुलिस ने जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने, गाली गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रार्थिया सरोज वर्मा, उम्र 52 वर्ष, निवासी आशीष नगर पश्चिम रिसाली ने 16 फरवरी को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसका पुत्र होशांग वर्मा उस पर लगातार ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर वह गाली गलौज करता, घर में तोड़फोड़ करता और जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया गया और पूजा पाठ में बाधा डाली गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 और 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी होशांग वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।



