छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, शीतलहर और कोहरे का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने के साथ ही सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इसके साथ ही उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव भी देखा जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में अगले दो दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाए रहने और कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। आज रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से ठंड के मौसम में सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।



