गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का डंप बरामद, आईईडी बनाने की सामग्री जब्त

गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डंप बरामद किया है। डंप से आईईडी बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री, दवाइयां और दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं जब्त की गई हैं।
जानकारी के अनुसार 65वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एफ कंपनी, गरियाबंद पुलिस और पुलिस की ई 30 टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर 12 मार्च को कुल्हारीघाट, देवडोंगर, चारडीह, रानीभरझोला और आसपास के जंगल क्षेत्रों में संयुक्त रूप से एरिया डोमिनेशन के साथ सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान रानीभरझोला के जंगल में एक संदिग्ध स्थान मिला। सुरक्षा बलों ने बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल डॉग स्क्वॉड की मदद से वहां खुदाई की, जिसमें नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी, डेटोनेटर, इलेक्ट्रिक फ्यूज, कॉर्डेक्स वायर, विस्फोटक पाउडर, पावर सोर्स, ट्रिगर मैकेनिज्म, कमांड वायर और कंटेनर सहित अन्य सामग्री शामिल है। इसके अलावा मौके से कुछ मेडिकल सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिली हैं।
सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से नक्सलियों की संभावित गतिविधियों को विफल करने में सफलता मिली है और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने में मदद मिलेगी। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।



