नारायणपुर: नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों ने बरामद की डंप सामग्री

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई डंप सामग्री बरामद की है। यह ऑपरेशन नारायणपुर पुलिस की जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच चलाया गया था।
इस अभियान के दौरान ग्राम भोटोर के समीप स्थित जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाई गई सामग्री का पता चला। तलाशी के दौरान विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, कुछ आईईडी, बड़े ड्रम, राशन सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा।



