नारायणपुर को मिली 17.59 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान नारायणपुर जिले को 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री ने नेशनल हाईवे 130डी के मजबूतीकरण कार्य और नालंदा परिसर सहित कुल 11 विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने विशेष रूप से नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे अबूझमाड़ और नारायणपुर के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे वे उच्च शिक्षा और शासकीय सेवाओं में अपना स्थान बना सकेंगे। कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि इन कार्यों में डीएमएफ और नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। उन्होंने राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत 3 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्रदान किए। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प साकार हो रहा है, जिससे विकास की गति और तेज हुई है।
इस गरिमामय कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी से टीमवर्क के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।




